मतदाता जागरूकता का संदेश जन-जन को कर रहा प्रेरित
‘25 नंवबर नोट करें, निर्भय हो सब वोट करें’
कोटा 22 नवंबर। विधानसभा आम चुनाव के अंतर्गत मतदान 25 नवंबर को होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एमपी मीना ने बताया कि अधिकाधिक मतदान के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा मतदान के समय में वृद्धि करते हुए इसका समय प्रातः 7 से सायं 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। शत प्रतिशत मतदान के लिए मतदाता जागरूकता अभियान तहत जिलेभर में विविध गतिविधियां मतदाताओं को जागरूक कर रही हैं।
सतरंगी सप्ताह के अंतर्गत बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एमपी मीना के निर्देशन में उत्साह के प्रतीक लाल रंग के संग वोट वृक्ष एवं दीपदान के साथ मतदान का संदेश दिया गया। समस्त विभागो ने मतदाताओं के घर तक पहुंच कर 25 नवंबर को प्रत्येक मतदाता को बूथ तक आने एवं मतदान करने का निमंत्रण दिया। मतदाता जागरूकता के अंतर्गत विभिन्न नारों और स्लोगन के माध्यम से संदेश दिया जा रहा है। छोड़ो-छोड़ो रे बाकी सब काम, पहले मतदान करो, लोकतंत्र का कर्ज समझकर, वोट डालना फर्ज समझकर जैसे नारे मतदाता जागरूकता के लिए गुंजाए जा रहे हैं।
जिला स्वीप नोडल अधिकारी ममता तिवाडी ने बताया राजकीय कला महाविद्यालय कोटा की छात्राओं ने मेंहदी के माध्यम से 25 नवम्बर मतदान करने के संदेश दिया। शिक्षा विभाग ने हेला टोली के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंच मतदान के लिए संकल्प दिलवाया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा आशा सहयोगिनियों ने मतदाताओं के घर तक जाकर पीले चावल बाँटकर मतदाताओं को 25 नवंबर को मतदान का निमंत्रण दिया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग ने रैली के माध्यम से ‘25 नवंबर नोट करें निर्भय होकर वोट कर’ें के नारों के माध्यम से मतदान का संदेश दिया। विभिन्न गली मोहल्लों एवं प्रमुख स्थानों पर मतदान के प्रोत्साहन के लिए सेल्फी प्वाइंट भी लगाए गए हैं जिससे लोकतंत्र के पर्व में सभी मतदाता, मतदान कर गौरव का संदेश समस्त प्रदेशवासियों को दे सकें।
शहरी क्षेत्र में मतदाताओं के बीच उदासीनता को कम करने के लिए शॉपिंग मॉल, थिएटर मल्टी स्टोरी बिल्डिंग के रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, विभिन्न पार्कों में एवं सामाजिक संगठनों के माध्यम से पहुंच कर उनको 25 नवंबर को मतदान देने के लिए प्रेरित किया गया। त्यौहार एवं शादियों के मौसम में व्यापार संघ, शादी समारोह के कार्ड प्रकाशक, मिठाई विक्रेता भी मतदान का संदेश दे रहे हैं। कोटा के सहकारी समितियां भी आम जनता तक मतदान का संदेश पहुंचा रही है। शत प्रतिशत मतदान के लिए श्रमिक, कृषक मजदूर, महिलाओं, किसानों, पशुपालकों एवं पड़ोसी जिलों में रह रहे मतदाताओं से भी संपर्क किया जा रहा है ताकि मतदान के दिन अधिक से अधिक लोग लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साह के साथ अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
विशाल रंगोली से दिया जागरूकता संदेश-
विधानसभा आम चुनाव अंतर्गत जिला निर्वाचन अधिकारी एमपी मीना के निर्देशन में सतरंगी सप्ताह के अंतर्गत किशोर सागर तालाब की पाल पर विशाल रंगोली सजाई गई। जिला स्वीप नोडल अधिकारी ममता तिवारी ने बताया कि यह रंगोली शिक्षा विभाग के राकेश कुमार शर्मा, राजेंद्र बैरागी, मनोज शर्मा के द्वारा तैयार की गई। संगीता कुमावत, रानी वर्मा, प्रीति मेघवाल व अन्य ने सहयोग किया।
संबोधन आज-
मतदाता जागरूकता कार्यक्रम अंतर्गत औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के ग्राउंड में 23 नवंबर को प्रातः 11 बजे संस्थान के प्रशिक्षणार्थियों को लोकतंत्र में नव मतदाताओं की भूमिका विषय पर संबोधन किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एमपी मीना ने बताया कि संबोधन में आईटीआई कोटा, आईटीआई केमिकल कोटा, आईटीआई महिला एवं आईटीआई पीसी के प्रशिक्षणार्थी व स्टाफ उपस्थित रहेंगे।