बूंदी: बूंदी महोत्सव के रंगों के बीच प्रतियोगिताओं का दिखा रोमांच

बूंदी, 30 नवंबर। बूंदी महोत्सव के तहत गुरुवार को हुए विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों के रंगों  के बीच पुलिस परेड ग्राउंड पर प्रतियोगिताओं का रोमांच भी देखने को मिला। परेड ग्राउड पर उत्सवी रंगों के बीच हुई प्रतियोगिताओं ने सभी को रोमांचित कर दिया।
  रस्सा कस्सी में दिखाया दम, मूंछों पर दिया ताव महोत्सव के कार्यक्रमों की कड़ी में देशी व विदेशी सैलानियों की साफा बांधों प्रतियोगिता हुई। विदेशी महिला पुरुषों ने जहां जोश व उत्साह के साथ साफा बांधने में होड दिखाई, वहीं स्थानीय पुरुषों ने भी साफा बंाधा। विदेशी पर्यटकों की साफा बांधो प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर पिनाओ, दूसरे स्थान पर बेल्जियम के इस्कनेट, तीसरे स्थान पर जर्मनी के विको रहे। स्थानीय पुरूषों की प्रतियोगिता में जगदीश प्रसाद सैनी, द्वितीय स्थान पर सवाई माधोपुर के बहरूपिया बबलू और बीकानेर के किशोर कल्ला तीसरे स्थान पर रहे।  
स्थानीय लोगों की मूंछ प्रतियोगिता हुई। जिसमें हर कोई अपनी मूंछो पर ताव देता रहा। इस प्रतियोगिता में कोटा के धन्नालाल गुर्जर प्रथम, बीकानेर के कंवरलाल चौहान द्वितीय तथा बीकानेर के किशोरलाल कल्ला तीसरे स्थान पर रहे।  
सिर पर मटकी रखकर लगाई दौड़
प्रतियोगिता के दौरान महिलाओं की पणिहारी दौड़ हुई। इसमें महिलाओं ने सिर पर मटकी रखकर दौड़ लगाई। इस प्रतिस्पर्धा ने हर किसी को रोमांचित कर दिया। पणिहारी दौड़ प्रतियोगिता में लक्ष्मी मीणा पहले स्थान पर रही। अल्फीना खानम तथा सीमा हरपाल सिंह तीसरे स्थान पर रही।  
रस्सा कसी प्रतियोगिता विदेशी सैलानियों ने जीती
महोत्सव की प्रतियोगिताओं की श्रृंखला में विदेशी सैलानियों एवं स्थानीय नागरिकों के बीच रस्सा कसी प्रतियोगिता हुई। यह प्रतियोगिता विदेशी सैलानियों ने 2-0 से जीत ली।
इस अवसर पर विकास पांड्या उपनिदेशक पर्यटन विभाग कोटा, सीएमएचओ ओपी सामर, सहायक पर्यटन अधिकारी प्रेम शंकर, जिला खेल अधिकारी वाईबी सिंह, ओमप्रकाश कुक्की, पुरुषोत्तम लाल पारीक, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन नीता डांगी व पुरुषोत्तम शर्मा ने किया।