सरकार की चार साल की विफलताओं को लेकर कोटा उत्तर विधानसभा क्षेत्र में होगा जंगी प्रदर्शन
गुंजल ने कहा जल्द करेगे तारीख की घोषणा
ब्यूरोचीफ शिवकुमार शर्मा
कोटा राजस्थान
कोटा 12 नवंबर:- कोटा उत्तर पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने कोटा उत्तर विधानसभा क्षेत्र के सभी पांचों रामपुरा, नयापुरा, कुन्हाड़ी, स्टेशन व रेल्वे कॉलोनी मण्डल में जाकर बैठक कर कार्यकर्ताओं से राजस्थान में कांग्रेस सरकार की चार साल की विफलताओं को लेकर जनता के बीच जाने का आव्हान किया है। बैठकों को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक गुंजल ने कहा कि राजस्थान में सरकार बने चार साल होने वाले हैं। परंतु सरकार और सरकार के मंत्री चुनाव में जिन वादों के साथ जनता के बीच में आए थे उन्हें वह चार साल में भी पूरा नहीं कर पाए हैं। सरकार चार साल तक खुद आपसी झगड़े में ही व्यस्त रही। आम जनता त्रस्त है सरकार नाम की कोई चीज प्रदेश में नजर नहीं आ रही है । प्रदेश में कानून व्यवस्था चौपट हो गई है अपराधियों का राज प्रदेश में होने लगा है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है की राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा घोषित कार्यक्रम की सरकार के चार साल पूरे होने पर प्रदेशभर की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन कर सरकार की नाकामियों को जनता तक पहुंचाएं। इसी संबंध में कोटा उत्तर विधानसभा के सभी पांचों मंडलों की बैठके ली गई हैं। गुंजल ने कहा कि कोटा उत्तर के प्रमुख भाजपा कार्यकर्ताओं से चर्चा की है प्रदर्शन की तारीख की घोषणा जल्द की जाएगी।
प्रशांत सक्सेना ने बताया कि प्रत्येक बैठक में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। साथ ही कोटा उत्तर भाजपा कार्यकर्ताओ ने इस बात का संकल्प लिया कि प्रहलाद गुंजल के नेतृत्व में जिस दिन जिस समय प्रदर्शन होगा कार्यकर्ता आमजन के साथ बड़ी संख्या में भागीदारी निभाकर गूंगी बहरी सरकार को जगाने का काम करेगा।