कोटा सहित प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा के किए गए पुख्ता इंतजाम

कोटा। अयोध्या में भगवान श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा एवं गणतंत्र दिवस के मद्देनजर ट्रेनों और स्टेशनों पर गश्त बढ़ाई गई है। किसी भी अनहोनी की आशंका से निपटने के लिए विविध सुरक्षा एजेंसियों द्वारा ट्रेनों और स्टेशनों 24 घंटे लगातार नजर रखी जा रही है।

इसी क्रम में 21 जनवरी को एंटी टेरेरिस्ट स्क्वाड, क्राइम इन्वेस्टीगेशन ब्यूरो, क्राइम इन्वेस्टीगेशन डिपार्टमेंट, राजकीय रेलवे पुलिस एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारियों और जवानों ने कोटा सहित मंडल के प्रमुख स्टेशनों भरतपुर, रामगंज मंडी, शामगढ़, सवाई माधोपुर एवं बारां में फ्लैग मार्च किया।

डॉग स्क्वायड एवं मेटल डिटेक्टर की मदद से कोटा स्टेशन पर पार्सल कार्यालय, बुकिंग कार्यालय ,सर्कुलेटिंग एरिया में चेकिंग की गई। संदिग्धों की स्टेशन परिसर में तलाशी ली। इसके अतिरिक्त आरपीएफ ने ट्रेनों में भी गहन जांच की। सीसीटीवी की मदद से स्टेशनों एवं ट्रेनों में लगातार निगरानी की जा रही है। बैग स्कैनर की सहायता से सामान को स्कैन करने के बाद ही यात्रियों को स्टेशन पर प्रवेश दिया जा रहा है।