होम वोटिंग, पोस्टल बैलेट से मतदान का प्रशिक्षण

कोटा 28 अक्टूबर। विधानसभा चुनाव 2023 के अंतर्गत चुनाव कार्यों में लगे कार्मिकों तथा होम वोटिंग कराने के लिए लगाए गए दलों को शनिवार सियाम ऑडिटोरियम में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में पोस्टल बैलेट के लिए बनाए जाने वाले सुविधा केंद्र तथा उन पर लगने वाले अधिकारी, कार्मिकों के कार्यों के बारे में बताया गया। साथ ही होम वोटिंग में लगाए गए दलों द्वारा पोस्टल बैलेट से मतदान कराए जाने की प्रक्रिया बताई गई।


प्रभारी अधिकारी प्रशिक्षण भगवत सिंह राठौड़ ने बताया कि कार्मिक इस प्रशिक्षण को गंभीरता से प्राप्त करें। फैसिलिटेशन सेंटर पर लगाए गए ग्रुप ए और ठ के अधिकारी घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर से पूर्व चेक कर लें कि मतपत्र क्रमांक का सही इंद्राज किया गया है तथा सभी आवश्यक पूर्तियां कर ली गई है, जिससे कि डाक मतपत्र खारिज होने की संभावना नहीं हो।
उन्होंने बताया कि होम वोटिंग में 80वर्ष से अधिक आयु तथा दिव्यांग मतदाता जो मतदान केंद्र में मत देने जाने में असमर्थ हैं, उनकी होम वोटिंग कराई जाएगी। जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनिंग राजेश दाधीच और राजेंद्र सिंह ने प्रशिक्षण प्रदान किया गया। सहायक नोडल अधिकारी रमेश शर्मा प्रशिक्षण, नोडल अधिकारी पोस्टल बैलेट हर्षित वर्मा, सहायक नोडल अधिकारी बलविंदर सिंह गिल ने भी आवश्यक जानकारी दी।