Turkiye-Syria Earthquake : भूकंप से तबाही में 19,332 लोगों की गई जान, भयंकर सर्दी और बर्फबारी से रेस्क्यू मुश्किल हुआ
Turkiye-Syria Earthquake: पश्चिमी एशियाई देशों तुर्की और सीरिया में 6 फरवरी को आए भूकंप ने भारी तबाही मचाई। इन दोनों देशों में अब तक 19 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, घायलों की संख्या करीब 40,000 तक पहुंच गई। बर्फ और बारिश के बीच मलबे में दबे लोगों को निकालने का काम चौथे दिन भी जारी रहा। तुर्की सरकार ने माना है कि मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है।
एपी समाचार एजेंसी ने बताया कि गुरुवार शाम भूकंप से मरने वालों की संख्या 19,300 से अधिक पहुंच गई। यह संख्या मार्च 2011 में जापान में फुकुशिमा आपदा में मरने वालों की संख्या से अधिक है। वहीं, तुर्की और सीरिया में आपदा के बाद बचे लोगों के सामने खाने-पीने की समस्या है।
तुर्की में कई शहरों में तापमान शून्य से नीचे है, इसके अलावा अक्सर बारिश होती है। बिना घर के रहने वाले लोगों को तत्काल आश्रय और खाने-पीने की जरूरत होती है।
गुरुवार तड़के तुर्की के शहर गजियांटेप में तापमान कम से कम पांच डिग्री सेल्सियस (23 डिग्री फ़ारेनहाइट) तक गिर गया, क्योंकि हजारों परिवारों ने अराजकता के बीच कारों और अस्थायी टेंटों में रात बिताई।
बीबीसी न्यूज़ ने स्थानीय निवासियों को तुर्की क्षेत्र में अपना गुस्सा व्यक्त करते देखा है। उन्होंने कहा कि घटना पर प्रतिक्रिया देने के लिए आपातकालीन सेवाएं धीमी थीं, उन तक पहुंचने में कई दिन लग गए। भूकंप के बाद से कुछ लोग मदद का इंतजार कर रहे हैं।
तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तईप एर्दोगन ने स्वीकार किया है कि सरकार कुछ समस्याओं का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि वह अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रहे हैं और वह ज्यादा से ज्यादा पीड़ितों की मदद करेंगे। खबरों में कहा जा रहा है कि सीरिया में आए भूकंप में मृतकों को दफनाया जा रहा है.
यहां मदद कर रही व्हाइट हेल्मेट्स की टीम ने एक वीडियो शेयर करते हुए बताया कि मृतकों को एक साथ दफनाया गया था. वर्षों के गृहयुद्ध और महामारियों से तबाह हुए सीरिया में सहायता के प्रयास जटिल हो गए हैं। जिन क्षेत्रों पर सरकार का नियंत्रण नहीं है, वहाँ राहत कार्य कई दिनों तक रुके रहे।
बताया जा रहा है कि उत्तर-पश्चिमी सीरियाई इलाकों में मदद का पहला काफिला
तुर्की से पहुंचा गया. सड़कों और रसद-तंत्र को हुई क्षति के कारण वहां जीवन
रक्षक सहायता का वितरण 4 दिन से बाधित था.