सतरंगी सप्ताह में हुई विविध गतिविधियां
कोटा 17 नवंबर। जिला निर्वाचन अधिकारी एमपी मीना के निर्देशानुसार सतरंगी सप्ताह (इंडिगो थीम) के दूसरे दिवस मोड़क खान विभाग तथा जिला परिषद की टीम द्वारा अभियान की शुरुआत ढोल नगाड़ों के साथ की गई। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के मजदूरों को विभिन्न संगठनों एवं विभागों के प्रयासों के द्वारा मतदान का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में वोट डालने के महत्व को बताया और शपथ दिलाई गई।
जिला स्वीप नोडल ममता तिवाडी ने बताया कि सतरंगी सप्ताह के द्वितीय दिवस पर विभिन्न निजी औद्योगिक क्षेत्रों में कार्मिकों एवं मजदूरों के साथ गतिविधियों का आयोजन किया गया तथा श्रमिकों को मतदान के लिए जागृत किया। ‘‘अंगुली पर निशान राष्ट्र के नाम’’ थीम पर सभी संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को ढोल नगाड़ों की थाप पर 25 नवंबर को मतदान देने के लिए प्रेरित किया गया। 14 फैक्टरीज में माइनिंग क्षेत्र में एवं सभी मनरेगा साइट पर ढोल नगाड़ों के साथ श्रमिकों को उनके मतदान का महत्व बताया गया एवं शपथ भी दिलवाई गई। उन्होंने बताया कि श्रम विभाग एवं खान विभाग द्वारा भी श्रमिकों के साथ विविध गतिविधियां आयोजित की गई। उन्होंने निर्वाचन आयोग के टोल फ्री नंबर 1950 की जानकारी देते हुए वोटर हेल्पलाइन एप तथा अन्य एप से मिलने वाली मदद के बारे में बताया।