विकसित भारत संकल्प यात्रा - लोक सभा स्पीकर ने किया योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद, केंद्र सरकार की योजनाओं की दी जानकारी

कोटा 2 जनवरी। विकसित भारत संकल्प यात्रा अंतर्गत मंगलवार को शहर में आयोजित हिंदू धर्मशाला में आयोजित शिविर का लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने लाभार्थियों से संवाद भी किया। उन्होंने प्रत्येक पात्र नागरिक को योजनाओं से जोड़ने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने लाभार्थियों से कहा कि उनके द्वारा बताई गई ‘मेरी कहानी मेरी जुबानी’ के माध्यम से आमजन में योजनाओं के प्रति उत्साह बढ़ेगा एवं लोग अधिक से अधिक संख्या में योजनाओं का लाभ ले पाएंगे। इस अवसर पर पंकज मेहता एवं अन्य गणमान्य जन भी साथ रहे।


विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान जिला कलक्टर एमपी मीना ने शहर के ज्वाला तोप क्लॉथ मार्केट में आयोजित शिविर में आमजन को केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले छात्रों, महिलाओं एवं संस्थाओं को सम्मानित किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं से जोड़ा जाए एवं भारत को विकसित बनाने में प्रत्येक नागरिक के योगदान को सराहा जाए। शिविर में स्वास्थ्य जांच, आयुष्मान भारत योजना, पीएम उज्जवला योजना, पीएम स्वनिधि एवं आधार अपडेशन के लिए अलग-अलग काउंटर लगाए गए तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा आमजन को योजनाओं की जानकारी प्रदान कर उनका पंजीयन किया गया।

जिला नोडल अधिकारी ममता तिवारी ने बताया कि जिले के विभिन्न ग्राम पंचायत एवं शहरी क्षेत्र में शिविर आयोजित किये जा रहे हैं जिसका उद्देश्य शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में आमजन में जागरूकता बढ़ाना और विशेषकर कमजोर वर्ग के लोगों को योजना के दायरे में लाना तथा योजनाओं के बारे में आमजन की व्यक्तिगत कहानियों एवं अनुभव को साझा करना तथा वंचित रहे व्यक्तियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए पंजीकरण करना है।

ग्राम पंचायत में आयोजित हुए शिविर-
विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत मंगलवार को पंचायत समिति इटावा की ग्राम पंचायत तलाव व जोरावरपुरा, सांगोद की कुंदनपुर व विनोदखुर्द, सुल्तानपुर की बूढादीत व बनेठिया एवं खैराबाद की खैराबाद व गोयंदा में शिविर आयोजित किए गए। इस दौरान ग्राम पंचायतों में आयुष्मान योजना, पीएम आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की जानकारी आमजन को दी गई और पात्र व्यक्तियों का पंजीयन योजनाओं के तहत किया गया। इस अवसर पर कृषि विभाग द्वारा  ड्रोन के माध्यम से खेतों में नैनो यूरिया के छिड़काव का प्रदर्शन भी किया गया। इस दौरान शिविर में जनप्रतिनिधि, सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी व ग्रामीण उपस्थित रहे।

बुधवार को यहां आयोजित होंगे शिविर-
विकसित भारत संकल्प यात्रा अंतर्गत 3 जनवरी को पंचायत समिति इटावा की ग्राम पंचायत नीमोला व खातोली, सांगोद की बोरीनाकलां, सुल्तानपुर की पडासलिया व जालिमपुरा एवं खैराबाद की जुल्मी व लखारिया में प्रचार वाहन पहुंचेगा एवं शिविर लगेंगे।

शहरी क्षेत्रों में यहाँ आयोजित होंगे शिविर-
विकसित भारत संकल्प यात्रा अंतर्गत 3 जनवरी को कोटा दक्षिण में डीसीएम फ्लाई ओवर के नीचे संजय नगर व पुलिस लाईन क्वॉटर बजरंग नगर में शिविर लगेगा।