मेडीकल कॉलेज का वर्चुअल लोकार्पण आगामी 25 फरवरी को प्रस्तावित

बूंदी, 19 फरवरी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 25 फरवरी को हिंडोली उपखंड क्षेत्र में नवनिर्मित राजकीय मेडिकल कॉलेज का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण का कार्यक्रम प्रस्तावित है। समारोह से मुख्यमंत्री श्री भजनलाल वर्चुअल जुडेंगे। वर्चुअल लोकार्पण समारोह आयोजन की तैयारियों को लेकर सोमवार को जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया।  


बैठक में जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि वर्चुअल लोकार्पण की सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जावे। उन्होंने निर्देश दिए कि वर्चुअल लोकार्पण समारोह के दौरान स्थल पर सुरक्षा, ब्रॉडबैंड एवं अन्य तकनीकी व्यवस्थाएं, बैठक व्यवस्थाएं, सुरक्षा इंतजाम आदि के समुचित प्रबंध कर लिए जावे। उन्होंने निर्देश दिए कि लोकार्पण स्थल विद्युत आपूर्ति सहित अन्य सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहे।

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओ.पी.सामर, मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल गुलाब कंवर, आरएसआरडीसी के अधिशासी अभियंता अंकित बिंदल, डीओआईटी के संयुक्त निदेशक महेन्द्रपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।