सतरंगी सप्ताह के अंतिम दिन दीपदान से दिया मतदान का संदेश
कोटा 22 नवंबर। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत सतरंगी सप्ताह के अंतिम दिन बुधवार को किशोर सागर तालाब की पाल पर जिला निर्वाचन अधिकारी एमपी मीना ने दीपदान कर मतदान का संदेश दिया।
जिला स्वीप नोडल अधिकारी ममता तिवाडी ने बताया कि शिक्षा विभाग व महिला एवं बाल विकास की महिला कार्मिकों द्वारा दीपदान का यह कार्यक्रम वृहद स्तर पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशाल रंगोली बनाकर मतदान का संदेश दिया गया। इस अवसर पर उप निदेशक महिला एवं बाल विकास राजेश डागा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी चारू मित्रा, जिला शिक्षा अधिकारी प्रदीप चौधरी, स्काउट से यज्ञदत्त हाड़ा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
केंडल मार्च लोकतंत्र का उजाला स्लोगन स्वीप गतिविधि आज-
विधानसभा आम चुनाव अंतर्गत मतदाता जागरूकता के तहत प्रत्येक मतदान केन्द्र पर मतदान प्रतिशत बढ़ाए जाने के उद्देश्य से 23 नवंबर को केंडल मार्च लोकतंत्र का उजाला स्लोगन के साथ सायं 5ः30 बजे स्वीप गतिविधि का आयोजन किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी एमपी मीना ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र कोटा उत्तर, कोटा दक्षिण, नगरपालिका, इटावा, कैथून, सुल्तानपुर, रामगंजमंडी, लाडपुरा, सुकेत सहित ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत, पंचायत समिति एवं जिला मुख्यालय पर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर केंडल मार्च कार्यक्रम का आयोजन शहिद स्मारक जेडीबी कॉलेज से बारहद्वारी तक सायं 5ः30 बजे आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसकी जिम्मेदारी नगर पालिका क्षेत्र में संबंधित अधिशाषी अधिकारी तथा ग्रमाीण क्षेत्र में खंड विकास अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी, मुख्य ब्लॉक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की रहेगी।
हेला टोली करेगी मतदान के लिए आमंत्रित-
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान प्रतिशत बढाए जाने के उद्देश्य से मतदान दिवस तक प्रत्येक मतदान केन्द्र पर गठित हेला टोली के माध्यम से प्रत्येक मतदाता को पीले चांवल देकर मतदान के लिए आमंत्रित किए जाने का संपर्क अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान बाहर निवासरत् मतदाताओं को दूरभाष या मोबाईल के माध्यम से आमंत्रित किया जाएगा तथा मतदाता परिचय पत्र के अतिरिक्त अन्य दस्तावेजों की भी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ग्रामीण एवं शहरी सभी क्षेत्रों में यह कार्यक्रम संचालित किया जाए तथा समस्त मतदाताओं से संपर्क स्थापित कर आमंत्रित किया जाए।
प्रशिक्षण केंद्र आलनिया में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम-
राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड मुख्यालय के प्रशिक्षण केंद्र आलनिया में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिक्षक एवं पूर्व मंडल सचिव यज्ञदत्त हाडा ने उपस्थित प्रशिक्षण नीतियों को मतदान दिवस पर शत प्रतिशत मतदान करने एवं वृद्धजनों, विशेष योग्यजन मतदाताओं को हर संभव मदद करने की शपथ दिलाई। जिला संगठन आयुक्त स्काउट ब्रज सुंदर मीणा ने प्रशिक्षणार्थियों को मतदाता जागरूकता कार्यक्रम एवं मतदान के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।