Lucknow: भारत मौसम विज्ञान विभाग (Meteorological Department) ने सोमवार, 20 सितंबर को उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग (Meteorological Department) के अनुसार, इस साल का मानसून समाप्त हो रहा है, लेकिन देश के कई हिस्सों में हाल के दिनों में बारिश जारी है। मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक अगले तीन से चार दिनों तक उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है क्योंकि पश्चिमी मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
मौसम विभाग (Meteorological Department) के अनुसार आज पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है। इन इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। बाकी इलाकों में मौसम सुहाना रहेगा और दूर-दराज के इलाकों में बादल छाए रहेंगे। जहां बारिश होगी, वहां तेज हवाएं चलेंगी, गरज और बिजली गिर सकती है। इसके अलावा कहीं-कहीं ओले भी पड़ सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
मौसम विभाग (Meteorological Department) के अधिकारियों का कहना है कि ओडिशा, उत्तरी आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में 19 से 21 तारीख तक बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा 20, 21 और 22 सितंबर को विदर्भ, छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है अगले तीन दिनों में झारखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बारिश की संभावना जताई है।
हालांकि, पिछले कुछ दिनों से उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। राजधानी लखनऊ में बारिश के चलते कई जगह जलजमाव की समस्या बनी हुई है. रविवार को जामों थाना क्षेत्र में बारिश के बाद दीवार गिरने से एक महिला की मौत की खबर सामने आई.