-स्वीमिंगपूल और फसाड लाइट्स कार्य का लोकार्पण, म्यूजिंग एंड लाइट शो का शिलान्यास
बूंदी, 10 मार्च। पर्यटन, खेल, कृषि, पेयजल, ढांचागत विकास सहित हर क्षेत्र में अगले पांच में बूंदी में अनेक कार्य होंगे। हम बूंदी को ऐसा बनाएंगे कि दुनिया देखने आएगी। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को यह बात खेल संकुल में कही। बिरला खेल संकुल में 5 करोड़ की लागत से बने अन्तरराष्ट्रीय स्तर के स्वीमिंग पूल, तारागढ़ व ऐतिहासिक महत्व के अन्य स्थलों पर फसाड लाइट्स कार्य का लोकार्पण तथा नवल सागर में 9.25 करोड़ की लागत से बनने वाले म्यूजिंग एंड लाइट शो कार्य का शिलान्यास कर रहे थे।
बिरला ने कहा कि बूंदी में खेल संकुल के नाम पर एक मैदान बनाकर भुला दिया गया। किसी ने विचार नहीं किया कि सुविधाएं नहीं होंगी तो अन्तरराष्ट्रीय खिलाड़ी कैसे तैयार होंगे। हम यहां दौड़, तैराकी, बैडमिंटन, बॉस्केटबॉल, कुश्ती, टेबल टेनिस, हैंडबॉल सहित सभी खेलों के लिए मैदान तैयार कर रहे हैं, जिसका लाभ खिलाड़ियों को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि पहले चरण में 21 करोड़ का काम हो चुका है। दूसरे चरण में और 21 करोड़ का काम होगा। यहां खिलाड़ियों के लिए आवासी छात्रावास और सभी खेलों के कोच भी होंगे। जब यहां सभी खेलों की सुविधाएं तैयार हो जाएंगी तो बूंदी के कई खिलाड़ी राष्ट्रीय-अन्तरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मेडल भी लाएंगे और नौकरी के लिए भी फिजिकल टेस्ट की तैयारी कर पाएंगे।
---
पर्यटकों को तीन दिन बूंदी रोकेंगे
स्पीकर बिरला ने कहा कि बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक बूंदी आते हैं। लेकिन यहां एक ही दिन रूकते हैं। हम चाहते हैं कि पर्यटक कम से कम तीन दिन बूंदी में रूकें। उसी अनुरूप यहां आकर्षण भी विकसित किए जा रहे हैं। पहले चरण में तारागढ़ किले और बूंदी के कुछ ऐतिहासिक दरवाजों पर फसाड लाइट्स लगने से बूंदी में नाइट ट्यूरिज्म को प्रोत्साहन मिलेगा। दूसरे चरण में ऐतिहासिक महत्व के अन्य स्थानों पर भी फसाड लाइट्स लगाई जाएंगी। नवल सागर में म्यूजिक एंड लाइट शो पर्यटकों के साथ स्थानीय लोगों के लिए भी बड़ा आकर्षण होगा। नवल सागर की सफाई करवाकर भविष्य में वहां बोटिंग की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी। चित्र शाला और चौरासी खंभों की छतरी की दशा भी सुधारी जाएगी।