World News : घायल इमरान खान का बड़ा ऐलान, जहां लगी थी गोली वहीं से निकालेंगे विरोध मार्च

Lahore: इमरान खान ने रविवार को घोषणा की कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के सदस्य मंगलवार को उसी स्थान से इस्लामाबाद के लिए एक लंबा मार्च फिर से शुरू करेंगे, जहां पंजाब प्रांत में विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्हें गोली मारी गई थी। गोलीबारी में इमरान खान के अलावा 11 अन्य लोग भी घायल हुए थे और एक समर्थक की मौत हो गई थी।

इमरान खान ने यह भी खुलासा किया कि वो इस मार्च में कब और कहां शामिल होंगे। गोली लगने के बाद गुरुवार को पीटीआई नेता की सर्जरी हुई। खान ने कहा, "हमने तय किया है कि हमारी यात्रा मंगलवार को वजीराबाद में उसी जगह से शुरू होगी जहां मुझे और 11 अन्य लोगों को गोली मारी गई थी और जहां मोअज्जम शहीद हुए थे।" वजीराबाद इलाके में दो बंदूकधारियों ने उन पर और अन्य पर गोलियां चला दीं जिससे इमरान खान के दाहिने पैर में गोली लग गई। उस समय खान मार्च का नेतृत्व कर रहे थे। खान पर हमले के दौरान गोली लगने से पीटीआई कार्यकर्ता मोअज्जम गोंडल की मौत हो गई।

हमले के बाद मार्च रोक दिया गया था। उन्होंने कहा, "उन्होंने कहा, 'मैं यहां से (लाहौर में) मार्च को संबोधित करूंगा और हमारा मार्च अगले 10 से 14 दिन के भीतर रावलपिंडी पहुंच जाएगा जो गति पर निर्भर करेगा।" पीटीआई नेता ने कहा कि जब मार्च रावलपिंडी पहुंचेगा तो वह इसमें शामिल होंगे और इसका नेतृत्व खुद करेंगे.

इससे पहले दिन में, पाकिस्तान के पूर्व आंतरिक मंत्री शेख राशिद अहमद ने कहा कि पीटीआई के नेतृत्व वाले विरोध प्रदर्शन को अस्थायी रूप से रोक दिया गया था, बंद नहीं किया गया था। अवामी मुस्लिम लीग (एएमएल) के अध्यक्ष ने खेद व्यक्त किया कि खान पर हमले की प्राथमिकी तीन दिन बाद भी दर्ज नहीं की गई थी। एएमएल इमरान खान के नेतृत्व वाली पीटीआई सरकार का हिस्सा है।