’योग से स्वस्थ बने और शत प्रतिशत मतदान से लोकतंत्र को मजबूत बनाएं

’मतयोग जागृति अभियान से युवाओं ने दिया मतदान का संदेश’


बूंदी, 19 फरवरी। निर्वाचन विभाग राजस्थान सरकार स्वीप कार्यक्रम के तहत जिले भर में विभिन्न मतदाता जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। जिला इलेक्शन आइकॉन डॉ. सर्वेश तिवारी के निर्देशन में लोकसभा आम चुनाव 2024 के तहत नवाचारों की श्रृंखला में सोमवार को स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल विद्यालय, हिंडोली में मत योग जागृति अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के तहत स्कूल के विद्यार्थियों को योगाभ्यास के द्वारा स्वस्थ रहने के तरीके बताए गए एवं स्वस्थ चित्त योग से शत प्रतिशत मतदान का संदेश दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रधानाचार्य डॉ. राजेंद्र कुमार निर्मल ने लोकतंत्र में मतदान की महत्ता बताते हुए कहा कि स्वीप का प्राथमिक लक्ष्य सभी पात्र नागरिकों को मतदान के लिए प्रोत्साहित करना एवं शत प्रतिशत मतदान के द्वारा भारत में वास्तव में सहभागी लोकतंत्र का निर्माण करना है। उन्होंने समस्त विद्यार्थियों, शिक्षकगणो को  मतदान करने व अभिभावकों से आवश्यक रूप से मतदान करवाने के लिए शपथ दिलवाई।

मुख्य वक्ता योग प्रशिक्षक भूपेन्द्र योगी ने योग की आवश्यकता एवं महत्व बताते हुए दैनिक जीवन में उपयोगी योगासनों व प्राणायाम के विषय में जानकारी देते हुए कहा कि योग शरीर मन और आत्मा को स्वस्थ रखने वाली विद्या है, उन्होंने कहा कि मतदान सफल लोकतंत्र के लिए जरूरी है, सभी वोट देकर लोकतंत्र में भागीदारी दे। योगी के निर्देशन में योग प्रशिक्षु शिखर पंचोली ने 300 से अधिक छात्र-छात्राओं को सामान्य योगाभ्यास क्रम में सामूहिक सूर्य नमस्कार, अनुलोम विलोम, भस्त्रिका प्राणायाम आदि का अभ्यास करवाया एवं स्वस्थ जीवन शैली अपनाने की अपील की।

व्याख्याता शारीरिक शिक्षक प्रसून कुमार शर्मा ने कार्यक्रम का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उप प्रधानाचार्य फोरूलाल रेगर ने आभार प्रकट किया। उप प्रधानाचार्य आशीष कौशिक, शिक्षक अशोक कुमार खाती, राम प्रसाद मीणा, शमशाद बानो समेत समस्त स्टाफ व विद्यार्थी मौजूद रहे।