जिला स्तरीय जनसुनवाई में आए 260 परिवाद, शिकायतकर्ता को संतोषजनक जवाब दें अधिकारी-जिला कलक्टर

-वीसी से जुडे मुख्य सचिव व जिला प्रभारी सचिव


कोटा 15 फरवरी। जिला स्तरीय जनसुनवाई डॉ रविंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में गुरुवार को डीओआईटी के जनसुनवाई केंद्र में संपन्न हुई जिसमें लगभग 260 प्रकरण प्राप्त हुए। इनमें से 88 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जनसुनवाई में अतिक्रमण, सहायता राशि, दिव्यांग पेंशन, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, स्वच्छता इत्यादि के प्रकरण प्राप्त हुए।

जनसुनवाई में मुख्य सचिव सुधांश पंत भी जुड़े और अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में निस्तारित करने योग्य समस्त प्रकरणों को जल्द से जल्द निस्तारित किया जाए एवं उसके लिए आईटी की मदद से नियमित फॉलोअप भी किया जाए। शिकायतकर्ता की संतुष्टि को महत्व देना चाहिए। जनसुनवाई में जिला प्रभारी सचिव भास्कर सावंत भी जुड़े उन्होंने निर्देशित किया की वह प्रकरण जो जिला स्तर पर निस्तारित कर दिए गए हैं उनको 181 के माध्यम से शिकायतकर्ता से वेरीफाई कर पूर्ण रूप से निस्तारित किया जाए साथ ही उन्होंने कहा वह प्रकरण जो नियमों के कारण निस्तारित नहीं किया जा सकते उसका आवश्यक जवाब बनाकर शिकायतकर्ता को बताकर समाप्त किया जाए ताकि जिला स्तरीय जनसुनवाई में अनावश्यक मामले ना आयें।

जिला कलक्टर ने जनसुनवाई में समस्त विभाग अध्यक्षों एवं अधिकारियों को निर्देश दिए कि निस्तारित करने योग्य मामलों को जल्द से जल्द निस्तारित किया जाए एवं शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी निस्तारित किए जाने योग्य शिकायत अगली जनसुनवाई में दोबारा आती है तो उसको गंभीरता से लिया जाएगा एवं संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

आमजन की समस्याओं का हुआ समाधान-
जनसुनवाई में दिव्यांग सुरेश दिव्यांग पेंशन हेतु आए जहां पर उनको बताया गया कि भौतिक सत्यापन के साथ-साथ उनका पेंशन से संबंधित बिल भी पारित हो चुका है एवं जल्द ही दिव्यांग पेंशन उनके खाते में आएगी सुरेश की मां यशोदा देवी को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ ही मिल रहा है।

जनसुनवाई में कृष्ण कुमार ने बताया की उज्जवल विहार में उनको आवासन मंडल द्वारा गलत प्लॉट संख्या के साथ आवंटन पत्र दिया गया था जिसके लिए वह 12 साल से चक्कर काट रहे हैं। जिला कलक्टर ने आवासन मंडल के अधिकारी को नोटिस देने के निर्देश देते हुए शीघ्र फाइल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में काशीधाम कॉलोनी के नॉर्थ एक्सटेंशन टाउनशिप में चंबल का पानी पहुंचाने संबंधी परिवाद आया जिसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। संजय नगर में कचरा गाड़ी के नियमित रूप से ना आने एवं कचरे के लिए गाड़ी ना रोकने संबंधी शिकायत आई जिसके लिए जिला कलक्टर ने आयुक्त नगर निगम कोटा दक्षिण को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।

जनसुनवाई में अतिरिक्त कलक्टर शहर बृजमोहन बैरवा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी ममता तिवाडी, अतिरिक्त कलक्टर सीलिंग दिवांशु शर्मा, यूआईटी सचिव,, आयुक्त नगर निगम कोटा उत्तर अनुराग भार्गव, आयुक्त नगर निगम दक्षिण सरिता, एडिशनल एसपी उमा शर्मा, उपनिदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ओपी तोषनीवाल, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी चारु मित्रा सोनी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर जगदीश सोनी सहित पीएचईडी, आईसीडीएस आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।