नेहरू बालोद्यान की बदहाली कौन है जिम्मेदार ? आने वाले लोग परेशान, मछलियों के तालाब से उठ रही दुर्गंध
जयपुर। ( भंवर सिंह निठारा )10 जून शहर की टोंक रोड स्थित नेहरू बालोद्यान इन दिनों अव्यवस्थाओं और गंदगी के कारण चर्चा का विषय बना हुआ है। उद्यान में बने मछलियों के तालाब की नियमित साफ-सफाई नहीं होने से वहां पानी सड़ने लगा है, जिससे आसपास के क्षेत्र में तेज दुर्गंध फैल रही है। तालाब में मछलियों के मरने और कचरे के जमा होने के कारण स्थिति और भी गंभीर हो गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतिदिन सुबह और शाम बड़ी संख्या में योगाभ्यास करने वाले, मॉर्निंग वॉक पर आने वाले वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं और कॉलोनीवासी उद्यान में पहुंचते हैं, लेकिन दुर्गंध और गंदगी के कारण उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
योग करने आने वाले नागरिकों ने बताया कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के लिए बनाए गए इस उद्यान में बदबू के कारण बैठना तक मुश्किल हो गया है। वहीं, बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय निवासियों ने नगर निगम एवं उद्यान विभाग से मांग की है कि मछलियों के तालाब की तत्काल सफाई करवाई जाए, सड़े हुए पानी को बदला जाए तथा नियमित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि नेहरू बालोद्यान में आने वाले लोगों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे संबंधित विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।