जयपुर। अफगानिस्तान में भूकंप के कारण बडी जनहानि की खबरें आ रही हैं। समाचार एजेंसियों के मुताबिक 22 जून को अफगानिस्तान के पूर्वी पक्तिका प्रांत में 6.1 तीव्रता का भूकंप आया जिसमें लगभी 280 लोगों के मारे जाने की खबर है। अफगानिस्तान द्वारा संचालित बख्तर समाचार एजेंसी ने कहा कि बचाव दल हेलीकॉप्टर से पहुंच रहे हैं।
समाचार एजेंसी के महानिदेशक अब्दुल वाहिद रायन ने ट्विटर पर जानकारी दी कि पक्तिका में करीब 90 घर नष्ट हो गए हैं और दर्जनों के मलबे में दबे होने की आशंका है. "एक भीषण भूकंप ने पक्तिका प्रांत के चार जिलों को हिला दिया, हमारे सैकड़ों देशवासियों की मौत हो गई और घायल हो गए और दर्जनों घर नष्ट हो गए।" तालिबान सरकार के उप प्रवक्ता बिलाल करीमी ने ट्वीट किया, "हम सभी सहायता एजेंसियों से आग्रह करते हैं कि आगे की तबाही को रोकने के लिए तुरंत क्षेत्र में टीमें भेजें।"
यूरोपियन मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर (EMSC) के अनुसार, पाकिस्तान और अफगानिस्तान में लगभग 500 किमी की दूरी पर भूकंप आया। लाहौर, इस्लामाबाद, मुल्तान, क्वेटा और पाकिस्तान के कई अन्य क्षेत्रों में भी भूकंप का अनुभव हुआ, जबकि जियो न्यूज के अनुसार, फैसलाबाद, एबटाबाद, स्वात, बुनेर, कोहाट और मलकंद में भी झटके दर्ज किए गए। पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग (पीएमडी) के अनुसार, भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के खोस्त से 44 किमी दक्षिण पश्चिम में 50.8 किमी की गहराई पर था और इसका सटीक समय 1:54 बजे (स्थानीय समय) था।