सट्टा कारोबारी रईस अंसारी की 96.97 लाख रुपये की अवैध संपत्ति फ्रीज
विष्णु भारद्वाज ब्यूरो चीफ
बारां । मोठपुर राजस्थान पुलिस के अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बारां जिले के मोठपुर थाना पुलिस ने सट्टा कारोबार से अवैध रूप से अर्जित संपत्ति के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम बडौरा निवासी सट्टे के सक्रिय आरोपी रईस उर्फ अब्दुल रईस अंसारी और उसके परिजनों के नाम विभिन्न बैंक खातों व एफडी में जमा 96 लाख 97 हजार 245 रुपये की राशि फ्रीज करवा दी है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2002 से अब तक सट्टा अधिनियम के 11 मामले दर्ज हैं और सभी में वह सजायाफ्ता है। जांच में सामने आया कि आरोपी और उसके पुत्र शाहिद अहमद ने सट्टे की खाईवाली से अर्जित रकम को अपने तथा परिवार के सदस्यों के खातों में जमा कर अवैध संपत्ति बनाई।
पुलिस के अनुसार आरोपी और उसके परिवार के नाम पर बैंक खातों, एफडी, कृषि भूमि, मकान तथा वाहन मिले हैं। इसके अलावा आरोपी के पुत्र के बैंक खातों में वर्ष 2019 से 2026 के बीच करीब दो करोड़ रुपये का लेनदेन भी सामने आया, जिसे पुलिस अवैध सट्टा कारोबार से जुड़ा मान रही है। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. कमल जांगिड़, वृत्ताधिकारी रामानंद यादव एवं थानाधिकारी देवकरण चौधरी के नेतृत्व में की गई।