जयपुर। अमेरिका में भारतीय मूल के एक परिवार के चार लोग एक गार्डन में मृत पाये गये। समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्टों के मुताबिक कैलिफोर्निया के एक बाग में चार लोगों की लाश मिली जो कि भारतीय मूल के एक ही परिवार के थे और वे पिछले कई दिनों से लापता थे। मृतकों में एक आठ साल की बच्ची भी शामिल है।
8 महीने की आरोही ढेरी और उसके माता-पिता - 27 वर्षीय जसलीन कौर और 36 वर्षीय जसदीप सिंह - का सोमवार को उत्तरी कैलिफोर्निया के मर्सिड काउंटी से एक ट्रकिंग कंपनी के व्यवसाय में अपहरण कर लिया गया था। मर्सिड काउंटी पुलिस के अनुसार, बच्चे के चाचा 39 वर्षीय अमनदीप सिंह का भी अपहरण कर लिया गया था। जसदीप के माता-पिता डॉ रणधीर सिंह और कृपाल कौर होशियारपुर के टांडा प्रखंड के हरसी पिंड गांव के रहने वाले हैं।
मर्सिड काउंटी शेरिफ वर्न वार्नके ने कहा कि चारों के शव बुधवार शाम को इंडियाना रोड और हचिंसन रोड के पास एक बाग में मिले। पुलिस के अनुसार, अधिकारियों से संपर्क करने से पहले बाग के पास एक खेत मजदूर को शव मिले। समाचार एजेंसी पीटीआई के हवाले से बुधवार शाम एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान शेरिफ वार्नके ने कहा, "मुझे इस घटना पर इतना गुस्सा है कि मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता। परिवार के अपहरण के एक दिन बाद, पुलिस ने एक संदिग्ध अपहरणकर्ता - 48 वर्षीय जीसस मैनुअल सालगाडो - को हिरासत में ले लिया। शेरिफ ने अपहरणकर्ता सालगाडो के बारे में कहा कि इस आदमी के लिए नरक में एक विशेष स्थान है।