यातायात पुलिस के जवान पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार

संवाददाता शिवकुमार शर्मा
कोटा |

कोटा शहर में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब आमजान तो क्या कानून भी सुरक्षित नहीं रहा। लाचार कानून व्यवस्था के चलते अपराधी कानून को सरेआम ठेंगा दिखा रहे हैं। रविवार को शहर में यातायात व्यवस्था संभाल रहे एक कांस्टेबल की जान पर बन आई,जब रायपुरा चौराहे पर ट्रैफिक ड्यूटी कर रहे हेडकांस्टेबल लक्ष्मण सिंह सोलंकी को एक व्यक्ति ने सिर पर पत्थर मार कर घायल कर दिया।

ये है पूरा मामला:-

यातायात पुलिस में हेडकांस्टेबल लक्ष्मण सिंह सोलंकी रविवार को रायपुरा चौराहे पर अपनी ड्यूटी कर रहे थे। ड्यूटी के दौरान सुबह करीब 10.00 बजे कैथून की और से एक बिना हेलमेट मोटरसाईकिल सवार आता दिखाई दिया। जिसे देखकर यातायातकर्मियों द्वारा उक्त मोटरसाईकिल सवार को रोक हेलमेट ना लगाने के बारे में पूछताछ की। इसी बात से नाराज मोटरसाईकिल सवार ने यातायात पुलिसकर्मियों के साथ गाली - गलौच शुरू कर दी। पुलिस कर्मियों ने जब उससे मोटरसाईकिल के दस्तावेज के बारे में पूछा तो उसने कोई कागजात पेश नहीं किये। जिस पर मोटरसाईकिल रजि 0 न 0 RJ20SW6256 को धारा 207 एमवी एक्ट में जब्त कर दिया गया। इसके बाद मोटरसाईकिल सवार गाली गलौच कर मौके से भागने लगा तो यातायात पुलिसकर्मियों द्वारा इसका पीछा कर पकड़ना चाहा तो मोटरसाईकिल चालक ने यातायात पुलिसकर्मी पर पत्थर से वार किया। जिससे हेडकांस्टेबल लक्ष्मण सिंह सोलंकी के सर में गंभीर चोट आई है।

उद्योग नगर एसएचओ मनोज सिकरवार ने बताया कि घटना के बाद आरोपी मुकेश कुमार (35) जाति बंजारा निवासी ग्राम देवपुरा बंजारा थाना अन्ता जिला बारां को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ राजकार्य में बाधा व हत्या के प्रयास में धारा 186 , 189 , 332 , 353 , 307 , 504 में मामला दर्ज किया गया है।