अजमेर: खदान में डूबने से दो सगे भाईयों की मौत, स्कूल से नहाने के लिए गये ​थे, घर में मातम पसरा

जयपुर। खबर अजमेर जिले के ब्यावर स्थित रावला बाडिया गांव की है जहां कल गुरुवार खदान में डूबकर दो मासूमों की मौत हो गई। डूबने वाले दोनों मासूम सगे भाई थे। बच्चों की मौत की खबर सुनकर परिवार और गांव में मातम पसर गया। कुछ देर में घटनास्थल पर ग्रामीण जमा हो गये। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौक पर पहुंची। पुलिस ने दोनों भाइयों के शवों को पानी से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को लिए सौंप दिया। हादसे को लेकर पूरा गांव में शोकाकुल हो गया।

ब्यावर सदर थाना पुलिस अधिकारी ने घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि बाडिया गांव निवासी मुस्ताक काठात के दोनों पुत्र अरबाज खान जिसकी उम्र 10 साल एवं आरिफ खान उम्र 7 वर्ष दोनों सुबह घर से स्कूल गए थे। लंच में दोनों भाई घर जाने की बजाय पास में एक पुरानी खदान में नहाने के लिए चले गये जहां दोनों की डूबकर मौत हो गई।

जब दोनों भाई काफी देर तक घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने तलाश शुरू कर दी। बाद परिजनों को खदान के पास दोनों बच्चों के कपड़े और उस स्कूल बैग जूते पड़े नजर आए। खदान की तलाशी ली गई तो दोनों बच्चों के शव मिले। घटना की खबर जैसे ही गांव में लगी तो हड़कंप मच गया। पुलिस ने दोनों के शव को बाहर निकलवाया और देर शाम एकेएच में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।

हादसे के बाद से परिवार के लोग सदमें मे हैं। ग्रामीणों के अनुसार जिन बच्चों की जान गई उनके पिता का नाम मुस्ताक है और उसके तीन भाई थे। सबसे बड़ा अफजल (14) है। वहीं हादसे में जान गंवाने वाले अरबाज और आरिफ दूसरे व तीसरे नंबर के हैं।

News Source: Dainik Bhaskar