Bihar:इस घोटाले मामले में Tejashwi Yadav को हो सकती है जेल, विशेष कोर्ट ने दिया नोटिस

जयपुर। बिहार के उप मुख्‍यमंत्री तेजस्‍वी यादव के सामने एक नई मुसीबत आ खडी है। तेजस्वी जेल की हवा खा सकते हैं। दरअसर आइआरसीटीसी घोटाले के मामले में तेजस्वी को दिल्‍ली स्‍थ‍ित विशेष कोर्ट ने केंद्रीय अन्‍वेषण ब्‍यूरो की याचिका पर नोटिस जारी कर दिया है। अगर सीबीआइ की याचिका मंजूर हो जाती है तो बिहार उपमुख्यमंत्रीको जेल जाना होगा। समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक दिल्‍ली स्‍थ‍ित सीबीआइ कोर्ट की विशेष जज गीतांजलि गोयल ने तेजस्‍वी यादव को नोटिस जारी किया है।

एएनआइ की रिपोर्ट के मुताबिक सीबीआई ने दिल्ली की एक विशेष अदालत से आइआरसीटीसी घोटाले में तेजस्वी यादव की जमानत को रद करने अर्जी लगाई है। बता दें कि आइआरसीटीसी घोटाले मामले में तेजस्वी वर्ष 2018 से ही जमानत पर रिहा चल रहे हैं। अगर कोर्ट इस मामले में तेजस्‍वी यादव की जमानत खारिज करता है तो बिहार में उप मुख्‍यमंत्री की उनकी कुर्सी संकट में पड़ सकती है।

सात साल तक हो सकती है जेल
सूत्रों की माने तो आइआरसीटीसी घोटाले मामले में यदि तेजस्वी यादव पर सीबीआइ कोर्ट के सामने आरोप सिद्ध कर देती है तो उन्हें सात साल तक की जेल हो सकती है। बता दें कि इस मामले में तेजस्‍वी यादव के साथ ही उनकी मां राबड़ी देवी भी आरोपित हैं। मां और बेटे को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने इस मामले में वर्ष 2018 में जमानत दी थी। राजद के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष और तत्‍कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव इस मामले में मुख्‍य आरोपित हैं।