बूंदी ( शिवकुमार शर्मा )
एसीबी (ACB)भीलवाड़ा प्रथम की टीम ने शनिवार देर शाम को कार्यवाही करते हुए डाबी थानाधिकारी (SHO)उप निरीक्षक मानसिंह को 40 हजार रूपयें की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी थाना अधिकारी ने रिश्वत की यह राशि परिवादी से उसकी लाइसेंस शुदा शराब की दुकान की ब्रांच चलाने की अनुमति देने की एवज में मासिक बंदी के रूप में ली थी।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि एसीबी भीलवाड़ा प्रथम इकाई को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई थी, कि उसकी लाइसेंसी शराब की दुकान की ब्रांच चलाने की अनुमति देने की एवज में मानसिंह उपनिरीक्षक थाना अधिकारी डाबी जिला बूंदी द्वारा मासिक बंदी के रूप में 40,000 की मांग कर परेशान किया जा रहा है।
जिस पर एसीबी भीलवाड़ा प्रथम इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोलाराम यादव के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया जा कर आज एसीबी की पुलिस निरीक्षक श्रीमती दीपिका राठौड़ एवं उनकी टीम द्वारा कार्यवाही करते हुए मानसिंह पुत्र रामकिशन जाट निवासी मकान नंबर 627 सी जय हिंद नगर थाना बोरखेड़ा जिला कोटा, उप निरीक्षक थाना अधिकारी डाबी जिला बूंदी से 40,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
उल्लेखनीय है कि शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा परिवादी से मासिक बंदी के रूप में 40,000 रूपये एवं 1 पेटी शराब की डिमांड की थी। एसीबी ने आरोपी के निवास एंव अन्य ठिकानों पर सर्च कर रही है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है।