संभागीय आयुक्त ने किया जेके लोन अस्पताल का औचक निरीक्षण
-सफाई में सुधार, हेल्प डेस्क के सुचारू संचालन के निर्देश
-एक मरीज के साथ एक ही व्यक्ति रहे, बारकोड से हो सैंपलिंग
कोटा 4 मार्च। संभागीय आयुक्त उर्मिला राजोरिया ने सोमवार को जेके लोन अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान मिली अव्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश अस्पताल प्रशासन को दिए।
संभागीय आयुक्त दोपहर में जेके लोन अस्पताल पहुंचीं और वहां विभिन्न वार्डों, कक्षों में जाकर व्यवस्थाएं देखीं। ईसीजी कक्ष में एक ही मशीन के कारण असुविधा सामने आने पर एक यहां एक अतिरिक्त मशीन लगाने के निर्देश दिए। इसी तरह फोटोकॉपी की मशीन भी अतिरिक्त लगाने के निर्देश दिए ताकि मरीजों को इसके लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़े। अस्पताल में भीड़ को लेकर उन्होंने असंतोष जताया और निर्देश दिए कि एक मरीज के साथ एक व्यक्ति को ही अनुमत किया जाए, अन्य को बाहर भेजा जाए।
संभागीय आयुक्त ने पैथोलॉजी विभाग में निरीक्षण के दौरान सैंपल लेने की प्रक्रिया देखी और निर्देश दिए कि सैंपल पर बारकोड की अनिवार्यता की जाए। निरीक्षण में हेल्प डेस्क बंद पाई गई जिसे नियमित एवं सुचारु रखने के निर्देश दिए। पुराने हॉल को रिनोवेट करने के निर्देश दिए ताकि इसमें हेल्प डेस्क का संचालन किया जा सके।
शौचालय के निरीक्षण में स्थिति अच्छी नहीं मिली, यहां साफ-सफाई बेहतर बनाने के निर्देश दिए। वाश बेसिन में पाइप नहीं था इसे दुरुस्त करने के निर्देश दिए। फालतू सामान हटाने एवं कक्षों को व्यवस्थित तरीके से रखने के निर्देश दिए। संभागीय आयुक्त ने वार्डों में जाकर भी निरीक्षण किया। गद्दे, चादर वगैरह की स्थिति देखी। एक वार्ड में गंदी चादर बदलवाई गई। अस्पताल परिसर में सफाई नियमित और भली प्रकार कराने के लिए भी निर्देशित किया।