संभागीय आयुक्त उर्मिला राजोरिया ने संभाला कार्यभार

-सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति को पहुंचाना प्राथमिकता

 -कोचिंग सेक्टर सुदृढीकरण के लिए भी सार्थक कदम उठाए जाएंगे

कोटा 16 फरवरी। संभागीय आयुक्त कोटा के पद पर भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी श्रीमती उर्मिला राजोरिया ने शुक्रवार सायं कार्यभार संभाला। श्रीमती उर्मिला राजोरिया इससे पूर्व संभागीय आयुक्त बीकानेर, प्रबंध निदेशक राजफेड, आयुक्त महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुकी हैं।


कार्यभार संभालने पर संभागीय आयुक्त ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकताएं ही उनकी प्राथमिकताएं हैं। केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचाने, आमजन को राहत देने के लिए टीम कोटा बेहतरीन तरीके से काम करेगी।पूरी कोशिश रहेगी कि वे टीम को अच्छा नेतृत्व दे पाएं।

कोचिंग सेक्टर के बारे में उन्होंने कहा कि शिक्षा और विद्यार्थियों से जुड़े विभिन्न पक्षों से समन्वय और संवाद कायम कर प्रयास करेंगे कि यहां स्वस्थ और सकारात्मक वातावरण का निर्माण हो तथा किसी भी प्रकार की दुर्घटनाएं ना हो पाएं। सीएडी सिस्टम की भी समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।