जिला युवा कार्यक्रम सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न, युवाओं की सक्रिय भागीदारी के लिए सभी गांवों में हो युवा क्लबों का गठन- अतिरिक्त कलक्टर

शिवकुमार शर्मा
कोटा |
नेहरू युवा केंद्र की जिला युवा कार्यक्रम सलाहकार समिति की बैठक अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर महेंद्र लोढ़ा की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलक्ट्रेट कक्ष में आयोजित की गई।
अतिरिक्त कलक्टर ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत जिले में आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों में युवाओं की भागीदारी होने के साथ जन-जन तक सरकार का संदेश पहुंचाया जावे। उन्होंने जिले में सभी गांवों में युवा क्लबों का गठन कर उन्हें सक्रिय करते हुए सरकार की मंशा के अनुरूप सभी गांवों में योजनाओं की जानकारी पहंुचाने एवं खेलों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिये। उन्होंने नेहरू युवा केन्द्र के माध्यम से वर्षभर आयोजित होने वाली गतिविधियों का प्लान बनाकर युवाओं को आत्म निर्भर भारत अभियान, कोविड जागरूकता अभियान, व्यक्तित्व विकास कार्यक्रमों में जोड़ने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जिले में सभी गांवों में युवा क्लबों का गठन किया जाकर उनको सरकार की योजनाओं की जानकारी देकर समय समय पर प्रशिक्षण भी दिया जावे जिससे स्थानीय स्तर पर नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिला सकें।
नेहरू युवा केंद्र के उपनिदेशक महेंद्र सिंह सिसोदिया ने वार्षिक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत जिले में 75 गांवों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किये जायेगें। उन्होंने जिले में वर्षभर प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि सभी गांवों में युथ क्लबों का गठन किया जायेगा, जिसके लिए 10 युवाओं का दल बनाया जायेगा जो 50-50 गांवों में भ्रमण कर युवाओं को प्रेरित करेगा। उन्होंने बताया कि युवा क्लबों के सदस्यों का सिविल डिफेंस का प्रशिक्षण दिलाये जाने के लिए भी कार्य योजना बनाई गई है, जिससे आवश्यकता पडने पर उनका उपयोग लिया जा सके।
फिट इंडिया फ्रीडम रन 11 को-
आजादी का अमृत महोत्सव के अन्तर्गत फिट इंडिया फ्रीडम रन का आयोजन आगामी 11 सितंबर को प्रातः 8.30 बजे किशोर सागर तालाब बारादरी पर किया जाएगा। फिट इंडिया फ्रीडम रन में स्काउट गाइड, एनएसएस, नेहरू युवा केन्द्र के सदस्य, एनसीसी कोशिश एनजीओ आदि के युवा सदस्य भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि फिट इंडिया फ्रीडम रन में 75 युवा भाग लेंगे जिनको आजादी के महोत्सव के बारे में अतिथियों द्वारा जानकारी दी जायेगी। उन्होंने बताया कि फ्रीडम रन बारादरी से जयपुर गोल्डन, गीता भवन, सेवन वंडर्स, नाग-नागिन मन्दिर से रामदेव मन्दिर होकर पापिस बारादरी पहुंचेगी। कार्यक्रम के समन्वयक स्काउट गाइड के यज्ञदत्त हाडा को बनाया गया है। अतिरिक्त कलक्टर ने सभी विभागों को सक्रिय भागीदारी के लिए अधिकारियों को निर्देश दिये। उन्होंने मेडिकल टीम रखने एवं यातायात व्यवस्था के लिए यातायात पुलिस को भी निर्देश प्रदान किये।
ये रहे उपस्थित-
यातायात निरीक्षक राजेंद्र सिंह कविया, एनएसएस समन्वयक विवेक मिश्रा, कॉलेज शिक्षा के सहायक निदेशक रघुराजसिंह, कोशिश एनजीओ के प्रतिनिधी पंकज शर्मा, यूथ अवार्डी अनुज विलियम्स, अग्रणी बैंक प्रबन्धक केआर मीणा, ताइक्वांडो कोच अब्दुल इरशाद, फखरुद्दीन शाह बानो, प्रेम सिंह क्षेत्रीय प्रचार ईकाई प्रभारी राष्ट्रीय युवा स्वंय सेवक लाजवन्ती सैनी एवं नेहा शर्मा आदि उपस्थित रहे।