Gujarat Election: 89 सीटों पर भरे गए 1,362 फॉर्मों में से कुल 999 नामांकन फॉर्म वैध

जयपुर। गुजरात में एक दिसंबर को पहले चरण के मतदान होने हैं। इससे पहले आज चुनाव आयोग ने 89 सीटों पर आये कुल आवेदनों में वैध और अवैध आवेदनों की सूची जारी कर दी है। राज्य चुनाव अधिकारियों ने बुधवार को कहा कि गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए 89 सीटों पर भरे गए 1,362 फॉर्मों में से कुल 999 नामांकन फॉर्म वैध पाए गए हैं। एक दिसंबर को होने वाले पहले चरण के मतदान के लिए नामांकन पत्रों की जांच का मंगलवार को अंतिम दिन था।

चुनाव आयोग ने 5 नवंबर को पहले चरण के लिए फॉर्म स्वीकार करना शुरू किया और आखिरी तारीख 14 नवंबर थी। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय ने एक विज्ञप्ति में कहा कि जांच के बाद 999 फॉर्म वैध पाए गए। वहीं, 5 दिसंबर को 93 सीटों पर होने वाले दूसरे चरण के चुनाव के लिए, प्रक्रिया शुरू होने पर 10 नवंबर से अब तक 341 नामांकन फॉर्म प्राप्त हुए हैं।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, जो अहमदाबाद में घाटलोडिया सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जहां दूसरे चरण में मतदान होगा, आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे। दूसरे चरण में बनासकांठा, पाटन, मेहसाणा, साबरकांठा, अरावली, गांधीनगर, अहमदाबाद, आणंद, खेड़ा, पंचमहल, दाहोद और वडोदरा की विधानसभा सीटों को कवर किया जाएगा। दूसरे चरण के लिए नामांकन पत्र भरने की अंतिम तिथि 17 नवंबर है और उनकी जांच 18 नवंबर को होगी। पहले और दूसरे चरण के लिए उम्मीदवारी वापस लेने की आखिरी तारीख क्रमश: 17 और 21 नवंबर है।
गुजरात की कुल 182 विधानसभा सीटों में से 89 सीटों पर एक दिसंबर को और 93 सीटों पर पांच दिसंबर को मतदान होगा। सभी सीटों पर मतगणना आठ दिसंबर को होगी।