पश्चिमी राजस्थान में झमाझम बारिश, बांधों में हुई पानी की आवक

जयपुर। राजस्थान में मानसून अपने आखिरी दौर में है। मानसून अपनी इस विदाई के दौर में राजस्थान पर खूब मेहरबान हो रहा है। पिछले 24 से 36 घंटे में पश्चिमी राजस्थान में जमकर बरसात हो रही है। इस बरसात से अब पश्चिमी राजस्थान के बांधों में पानी की आवक होने लगी है। बीते 24 घंटे के दौरान बाड़मेर, जोधपुर, पाली, सिरोही, जैसलमेर जिलों में अच्छी बारिश हुई। इसके कारण बीसलपुर, जवाई बांध का जलस्तर बढ़ा है।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले एक दो दिन में पश्चिमी राजस्थान के अलावा दक्षिणी राजस्थान में तेज बारिश की संभावना है।
जानकारी के मुताबिक पश्चिमी राजस्थान के पाली जिले के जवांई बांध में पानी की अच्छी आवक हुई है। पानी की इस आवक से अब पश्चिमी राजस्थान में जल ट्रेन चलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। फिलहाल जवाई बांध में इतना पानी हो चुका है कि इस साल आराम से पानी की आपूर्ति हो जायेगी। बताया जा रहा है कि अभी तक करीब तीन महीने का पानी आ चुका है।
जवाई बांध के अलावा बूंदी के बीसलपुर में भी लगातार पानी आ रहा है जिससे जयपुर, अजमेर और टोंक जिले में पानी की पूर्ति आराम से हो जायेगी। झालावाड़ में अच्छी बारिश होने के कारण बीसलपुर में आने वाली बनास नदी में झालावाड़ से सहायक नदीयां पानी लेकर आ रही हैं, जिससे बीसलपुर बांध का जल स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान बांध का गेज 310.95 से बढ़कर 311.05 आरएल मीटर (10 सेमी.) बढ़ गया।