शिवकुमार शर्मा
बूंदी |
तालेड़ा निवासी सोहनी बाई, मदीना बाना,े शाहिदा, छोटी बाई, और उनकी जैसी अन्य महिलाओं के लिए 4 अक्टूबर का दिन अनमोल तोहफा दे गया। बरसों से कच्ची टापरियो में अपने परिवारों के साथ गुजारा कर रही इन महिलाओं को इस दिन प्रशासन गांवों के संग अभियान के अंतर्गत के आवास के पट्टे मिले। पट्टों को हाथ में लिए ये महिलाएं खुशी से फूली नहीं समा रही थी। इन्होंने शिविर स्थल पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाए गए सेल्फी विद सीएम के बोर्ड पर खुशी के साथ फोटो खिंचवाई।
तालेड़ा ग्राम पंचायत में विद्यालय खेल मैदान की भूमि पर बरसों से कच्ची टापरियों में बसर करने वाले लगभग एक दर्जन परिवारों के लिए 4 अक्टूबर का दिन सौगात लेकर आया। मजदूरी कर गुजारा करने वाले इन 14 परिवारों को प्रशासन गांव के संग अभियान अंतर्गत सोमवार को तालेड़ा में आयोजित शिविर में पक्के आवासों के पट्टे दिए गए। जिला कलेक्टर रेणु जयपाल की मौजूदगी में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने लाभार्थियों को पट्टे सौंपे।
विकास अधिकारी नीरज शर्मा ने बताया कि ये परिवार लगभग 20 साल से विद्यालय भूमि पर अतिक्रमण कर कच्ची टापरी बनाकर रह रहे हैं और मौसम की मार सहते आए हैं। पूर्व सरपंच भरपाई बाई ने इन परिवारों को आवास दिलाने की ओर ध्यान आकृष्ट किया किन्तु आबादी भूमि उपलब्ध नहीं होने से समस्या बनी हुई थी। इनकेे बाद सरपंच हेतराम चान्दना के प्रयासो से गत वर्ष उक्त सिवाय चक भूमि को आबादी भूमि में सम्परिवर्तन करने से इन परिवारों को पक्के आवास का मार्ग प्रशस्त हुआ।
पट्टे मिलने के बाद इन लाभार्थियों ने कहा कि सरकार ने हमारी परेशानियों को ध्यान में रखकर हमें पक्के घर के लिए पट्टा दिया है। हम इसके लिए बार-बार धन्यवाद देते हैं।