अवैध खनन के खिलाफ संयुक्त जांच दल ने की कार्रवाई, 3 ट्रेक्टर ट्रोली, 2 पोकलेन मशीन, 1 डम्पर किए जप्त
बारां, 17 जनवरी। जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर के निर्देशन में अवैध खनन के खिलाफ संयुक्त जांच दल ने कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी को जप्त किया। जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से जिले में अवैध खनन, निर्गमन, भण्डारण के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करने के लिए राजस्व, पुलिस, खान, वन व परिवहन विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा बुधवार को अवैध खनन के संवेदनशील क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई।
जिले में अलग-अलग स्थानों क्रमशः अनन्तपुरा, शाहबाद, कोटड़ी तुलसा, अटरु, कवाई, इत्यादि पर हुई कार्रवाई के दौरान 3 ट्रेक्टर ट्रोली खनिज बजरी, मैसनरी स्टोन, साधारण मिटटी के अवैध खनन, निर्गमन, भण्डारण में लिप्त पाए जाने पर जब्त किया गया।
वहीं किशनगंज के ग्राम करवरी खुर्द में खसरा नम्बर 382 में हथियादेह बांध के जल निकास क्षेत्र में अवैध खनन के विरूद्व कार्रवाई में 2 पोकलेन मशीन तथा एक डम्पर का जप्त किया गया। साथ ही मौकेे पर लगभग 250 टन सामग्री चेजा पत्थर जप्त किया गया। कार्रवाई के दौरान एसडीएम अरूण कुमार जैन, तहसीलदार अभयराज सिंह, थानाधिकारी प्रेमबिहारी नागर सहित अन्य राजस्व कार्मिक मौजूद रहे।