निर्वाचन संबंधी व्यय की निगरानी को गठित समिति की बैठक
बारां, 28 फरवरी। आगामी लोकसभा चुनाव 2024 में निर्वाचन संबंधी व्यय की निगरानी के लिए गठित समिति की जिला निर्वाचन अधिकारी व कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर की अध्यक्षता में बुधवार को मिनी सचिवालय परिसर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोकसभा आम चुनाव 2024 के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों के साथ बाजार दर अनुमोदन हेतु अभ्यर्थियों के निर्वाचन संबंधी व्यय के दरों की सूची प्रस्तावित कर चर्चा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा सामान्य रूप से चुनावी प्रचार प्रसार में प्रयोग की जाने वाली विभिन्न प्रकार की सामग्रियों और वस्तुओं के विषय को लेकर विचार विमर्श करते हुए दिशा निर्देश दिए।
लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 के सफल संपन्न एवं निर्वाचन व्यय की निगरानी के लिए गठित समिति की बैठक में निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा सामान्य रूप से प्रचार प्रसार में प्रयुक्त की जाने वाली विभिन्न प्रकार की सामग्रियों और वस्तुओं जैसे माईक व्यवस्था, डिस्पले व्यवस्था, टेंट व्यवस्था, प्रचार सामग्री, फ्लेक्स बैनर, हैण्ड बिल पम्पलेट, होर्डिंग्स व वॉल पेंटिग, साईड पर होर्डिंग लगाने की मजदूरी, कटआउट कपड़ा, प्लास्टिक, फूल माला, विद्युत व्यवस्था, वाहन खर्चा, होटल एवं धर्मशाला अतिथिगृहों का किराया, भोजन सामग्री की दरें, समाचार पत्रों, इलेक्ट्रोनिक मीडिया में विज्ञापनों की दरें, प्रसार भारती आकाशवाणी, एफएम चैनल, नगर परिषद, नगर पालिका व ग्राम पंचायत क्षेत्रों में होर्डिंग स्थल का किराया, तकनीकी कार्मिकों, सहायक कार्मिकों, बल्क में एसएमएस की दरें, सिनेमा हॉल, मेरीज हॉल का किराया, मेडिकल आइटम, कार्यालय किराया, फोटोकॉपी एवं कार्यकर्ताओं का व्यय आदि मदों का आनुपातिक बाजार मूल्य, जिसमें जीएसटी भी शामिल है, निर्धारित किए जाने के सम्बन्ध में विस्तृत विचार-विमर्श करते हुए संबंधित को दिशा निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी सत्यनारायण आमेटा, निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण (कार्यवाहक) प्रभारी अधिकारी रजत विजयवर्गीय, चुनाव समन्वयक हीरालाल वर्मा, निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण अतिरिक्त प्रभारी अधिकारी रमेशचन्द माथुरिया सहित राजनीतिक दलों में बीएसपी, भाजपा, कांग्रेस के प्रतिनिधि मौजूद रहे।