Baran : उद्यम प्रोत्साहन योजना संबंधी जागरूकता शिविर का आयोजन

संवाददाता विष्णु भारद्वाज
बारां राजस्थान


बारां, 2 मार्च। राज्य सरकार द्वारा संचालित डॉ. भीमराव अम्बेडकर राजस्थान दलित आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना, 2022 की व्यापक जानकारी आम जन तक पहुंचाने के उददेश्य से जिला स्तरीय जागरूकता शिविर का आयोजन जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र द्वारा गुरूवार को किया गया।
जिला कलक्टर नरेन्द्र गुप्ता ने जागरूकता षिविर को सम्बोधित करते हुए कहा कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर राजस्थान दलित आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना के बारे में ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक किया जाना चाहिए जिससे कि वे इस योजना का लाभ लेकर आर्थिक रूप से सक्षम हो सकें। महाप्रबंधक जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र रविन्द्र वर्मा ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा राज्य के समग्र औद्योगिक विकास में अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्गों की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने तथा उन्हें रोजगार के उचित अवसर उपलब्ध कराने के लिए डॉ. भीमराव अम्बेडकर राजस्थान दलित आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना की शुरुआत की गयी है। उन्होंने बताया कि जिले के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के ऐसे व्यक्ति जो नया उद्योग लगाने के इच्छुक हैं या स्थापित ईकाई का विस्तार करना चाहते हैं वे इस योजना का लाभ ले सकते हैं। इस अवसर पर विभाग से जुडे विभिन्न अधिकारीगण एवं उद्योगपति मौजूद रहे।