जयपुर। चीन की स्मार्टफोन निर्माता कंपनी पोको भारत में इसी महिने एक नया स्मार्टफोन लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। यह फोन पोको सी 50 होने वाला है। बताया जा रहा है कि कंपनी इस फोन को कम दामों में लॉन्च करेगी। पोको ने घोषणा की है कि वह अपना अगला कम कीमत वाला स्मार्टफोन पोको सी50 भारत में नवंबर के आखिरी सप्ताह में लॉन्च करेगा। हालांकि कंपनी ने एक निश्चित तिथी की घोषणा नहीं की है। पोको ने कहा कि C50 अच्छे कैमरा , इमर्सिव मल्टीमीडिया अनुभव, एक स्मूथ डिजाइन और लंबी बैटरी के साथ पेश किया जायेगा।
पोको C50 पोको C40 के उत्तराधिकारी की तरह लगता है, जिसे कुछ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में लॉन्च किया गया था, लेकिन यह भारतीय बाजार में कभी नहीं आया। पोको ने यह नहीं बताया है कि पोको C50 में कौन से स्पेसिफिकेशन शामिल होंगे। सी 40 के फीचर्स पर नजर डालते हुए हम आगामी सी 50 के फीचर्स का अनुमान लगा सकते हैं।
पोको C40 के फीचर्स
पोको C40 में एचडी + रिज़ॉल्यूशन और कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास प्रोटेक्शन के साथ 6.71 इंच का बड़ा डिस्प्ले दिया गया है। चूंकि यह कम कीमत वाला फोन है, इसलिए इसका रिफ्रेश रेट 60Hz पर अटका हुआ है। इसमें ऑक्टा-कोर JLQ JR510 प्रोसेसर है जिसमें 4GB तक रैम और 64GB तक स्टोरेज है।
यदि आप पोको C40 पर स्टोरेज का विस्तार करना चाहते हैं, तो फोन में एक माइक्रोएसडी कार्ड स्लॉट है जिससे आप 1TB तक का माइक्रोएसडी कार्ड लगा सकते हैं। Poco C40 में दो कैमरे हैं, 13 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर और 2 मेगापिक्सल का डेप्थ सेंसर है। सेल्फी के लिए 5 मेगापिक्सल का कैमरा सेंसर है। फोन 18W चार्जिंग सपोर्ट के साथ आता है जिसमें 6,000mAh की बैटरी दी गई है।
Poco C40 को वियतनाम में VND 3,490,000 की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया था, जो लगभग 11,687 रुपये है। इसलिए, आप आगामी पोको C50 की भारत में कीमत लगभग 12,000 रुपये होने की उम्मीद कर सकते हैं।