कवि कृष्ण कुमार सैनी को मिला हिन्दी काव्य सम्मान
शाहपुरा न्यूज - बदायूँ हिन्दी काव्य मंच, उत्तरप्रदेश द्वारा स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पर आयोजित काव्य समागम में देश के 75 कवियों को सम्मानित किया गया। जिसमें दौसा के कवि कृष्ण कुमार सैनी को हिन्दी साहित्य की सेवार्थ "हिन्दी काव्य सम्मान-2024" से सम्मानित किया गया। इस दौरान सैनी को सम्मान पत्र, स्मृति चिह्न, दुपट्टा एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के संयोजक शैलेन्द्र मिश्रा ने बताया कि देश के विभिन्न प्रांतों से आये 75 कवियों को उनकी साहित्यिक सेवा के फलस्वरूप सम्मानित किया। विदित हो कि इससे पूर्व भी कृष्ण कुमार सैनी द्वारा साहित्य के क्षेत्र में ढेरों सम्मान प्राप्त कर देवनगरी का नाम रोशन कर चुके हैं। इस दौरान बरेली के रोहित राकेश, रिठौरा के राजेश शर्मा, लख़नऊ के आशुतोष तिवारी, दौसा के दिनेश तूफानी सहित देश भर के कवि मौजूद रहे। सैनी को सम्मान मिलने पर सभी साहित्यकार बंधुओं एवं विभिन्न समाज के गणमान्य नागरिकों ने बधाई प्रेषित की।