यूक्रेन से भारत लौटे राजस्थानी छात्रों के टिकट राशि का पुनर्भरण करेगी राज्य सरकार: सीएम अशोक गहलोत

जयपुर। प्रदेश के मुखिया अशोक गहलोत ने यूक्रेन से घर लौटे राजस्थान के छात्रों के लिए बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि विदेश मंत्रालय द्वारा एडवायजरी जारी करने के बाद जो छात्र यूक्रेन से अपने पैसों से टिकट करवाकर वापिस आये हैं उनके टिकट की राशि का खर्चा राज्य सरकार वहन करेगी। अशोक गहलोत ने ट्विट करके कहा कि दिल्ली, मुंबई और अन्य एयरपोर्ट्स पर आने वाले राजस्थानियों को राज्य सरकार घर तक पहुंचायेगी।

अशोक गहलोत का ट्विट
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्विट करते हुए लिखा "कि जो यूक्रेन और रूस के बीच बने युद्ध के हालात के दौरान विदेश मंत्रालय की एडवाइजरी के बाद निजी खर्च से वतन वापस आने वाले राजस्थानियों के टिकट की राशि का पुनर्भरण (reimbursement) किया जाएगा।"
एक अन्य ट्विट में मुख्यमंत्री गहलोत ने लिखा कि "दिल्ली, मुंबई तथा अन्य एयरपोर्ट्स पर आने वाले राजस्थानियों को घर तक पहुंचाने की सुविधा राजस्थान सरकार द्वारा करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए राजस्थान फाउंडेशन को-ओर्डिनेट करेगा।"

गौरतलब है कि रूस द्वारा यूक्रेन पर हमला करने के बाद यूक्रेन ने अपना एयरस्पेश बंद कर दिया जिससे यूक्रेन में पढ़ाई कर रहे भारतीय छात्र फंस गये है। इसके अलावा सरकार द्वारा एडवायजरी जारी किये जाने के बाद भारत की एयरलाइन्स ने यात्रियों टिकट के दुगने पैसे वसूलने शरू कर दिये। संकट के समय पर एयरलाइन्स के इस रूख पर छात्रों ने कड़ी निंदा की और इस मामले को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी उठाया है।