गाजे-बाजे के साथ शुरू हुई स्वामी रंजीतानंद सरस्वती महाराज की पदयात्रा 1000 किलोमीटर की पदयात्रा पूरी करेंगे 50 दिन में

संवाददाता शिवकुमार शर्मा
कोटा|

- विश्व कल्याण की कामना के साथ गौ रक्षा का लिया संकल्प

आमजन में गायों की सेवा, पर्यावरण की रक्षा सहित जन सेवा की प्रेरणा को लेकर 1000 किलोमीटर लंबी गौ पर्यावरण एवं चेतना पदयात्रा निकाली जा रही है। इस पदयात्रा पर निकले रंगबाड़ी रोड स्थित मंगलेश्वरी मठ के महंत स्वामी रंजीतानंद जी सरस्वती महाराज की पदयात्रा रविवार शाम को रंगबाड़ी रोड स्थित मंगलेश्वरी मठ से बड़े हर्ष-उल्लास के साथ निकाली गई। पदयात्रा कोटा से जबलपुर होते हुये करीब 50 दिन बाद आनंदधाम, दमोह पहुंचेगी।
मंगलेश्वरी मठ के व्यवस्थापक भुवनेश्वर शर्मा (चच्चु भैया) ने बताया कि पदयात्रा के तहत 1000 हजार किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए करीब सैकड़ों की संख्या में गांवों, शहरों, कस्बों में गौ सेवा, प्राणी सेवा, वृक्ष सेवा, जन सेवा की प्रेरणा लोगों को दी जायेगी। पदयात्रा में ढोल, बैंड, आकर्षक झांकियां, भजन मंडली सम्मिलित रही।
पदयात्रा मंगलेश्वरी मठ से घटोत्कछ सर्किल, महावीर नगर, केशवपुरा, मोदी कॉलेज, दादाबाड़ी, सीएडी चौराहा, घोड़े वाले बाबा सर्किल, गुमानपुरा होते हुए कोटड़ी गोरधनपुरा, दाधीच छात्रावास पहुंची, जहां पदयात्रा का प्रथम विश्राम होने के साथ दधिमती माता एवं महर्षि दाधीच जी की पूजा-अर्चना की गई। पदयात्रा में महंत श्री बालकिशन दास जी महाराज, महंत श्री शैलेंद्र भार्गव, महंत श्री जगदीशानंद जी, महंत श्री कमलदास जी, महंत श्री हरिनारायण जी महामंडलेश्वर, महंत श्री लक्ष्मणदास जी महाराज, महंत श्री जगदेवदास जी, महंत श्री विजेंद्रदास जी महाराज सहित अन्य हाड़ौती के संत सम्मिलित रहे। पदयात्रा 23 मई को सुबह 7 बजे दाधीच छात्रावास से रवाना होकर बजरंग नगर, बोरखेड़ा, मानपुरा, झालीपुरा सीमलिया होते हुए सीमलिया में प्रवेश करेगी।
मंगलेश्वरी मठ के महंत स्वामी रंजीतानंद जी सरस्वती महाराज ने बताया कि गाय हमारी मां है। आज जरूरत है हमें गौ मां की रक्षा एवं सेवा के लिए आगे आने की। अगर गौ मां सुरक्षित नहीं रही तो हमारी संस्कृति व मातृभूति भी सुरक्षित नहीं रह पाएगी। कहा कि युवा वर्ग को आगे आकर गौ मां की रक्षा का संकल्प लेना होगा। उन्होंने लोगों से इस कार्य में आगे आकर योगदान करने का आह्वान किया। पदयात्रा में कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, राखी गौतम,खादी ग्रामोद्योग आयोग के उपाध्यक्ष पंकज मेहता व विकास शर्मा , आईएफडब्ल्यूजे के जिला अध्यक्ष के के शर्मा कमल सहित कई गणमान्य पदाधिकारी जनप्रतिनिधि गण एवं धर्म प्रेमी बंधु उपस्थित रहे ।