खुद डाले वोट, दूसरों को भी प्रेरित करें
बारां, 8 नवंबर। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत शत प्रतिशत मतदान लक्ष्य को प्राप्त करने के उद्देश्य से फतेहपुर के राजीव गांधी सेवा केन्द्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगनी, राजीविका एवं मेट के साथ मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला स्वीप नोडल अधिकारी एवं सीईओ कृष्णा शुक्ला के निर्देशन में विकास अधिकारी शैलेश रंजन की अध्यक्षता में मतदाता जागरूकता गतिविधि के अन्तर्गत भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी महत्वपूर्ण एप्स वीएचए, सक्षम, सी-विजिल, एवं केवाईसी की जानकारी दी गई। साथ ही सी-विजिल एप के बारे में बताया गया जिसके माध्यम से आचार संहिता उल्लंघन होने पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। सक्षम एप से दिव्यांगजनों एवं 80 प्लस के वृद्धजन घर बैठे ही वोटिंग की सुविधा (फॉर्म 12डी), घर से मतदान केंद्र तक परिवहन की सुविधा आदि प्राप्त कर सकते हैं। वीएचए एप के माध्यम से मतदाता, मतदाता सूची में अपने नाम, मतदान केन्द्र के बारे में जानकारी एवं मतदाता पहचान पत्र प्राप्त कर सकते है। मतदान दिवस 25 नवम्बर को मतदान का समय प्रातः 7 से साय 6 बजे तक रहेगा। मतदाता मतदाता पहचान पत्र के अलावा 12 प्रकार के दस्तावेज के माध्यम से अपनी पहचान
प्रमाणित करवा कर मतदान कर सकेंगे।
कार्यक्रम में शैलेश रंजन ने उपस्थित सभी कार्मिकों को सतरंगी सप्ताह एवं हैला-टोली के दायित्व बताए तथा अपील की कि स्वयं अपना वोट दें और सभी को मतदान के लिए प्रेरित करें। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने उपस्थित सभी विद्यार्थियों को हैला-टोली में सहयोग करने के लिए कहा। कार्यक्रम में स्वीप दल सदस्य महावीर प्रसाद शर्मा, दिलीप कुमार अग्रवाल, राजेन्द्र शर्मा, राजेश गौतम, महिपाल सिंह, पीईईओ हरिमोहन गालव, दुष्यंत सक्सेना, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी, राजीविका एवं मेट से संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
इसी तरह मिनी सचिवालय स्थित राजीव गांधी सेवा केन्द्र पर भी मतदाता जागरूकता अभियान के तहत शत प्रतिशत मतदान लक्ष्य को प्राप्त करने के उद्देश्य से बारां में राजीविका के कर्मचारियों के साथ मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित सभी को निर्भीक, एवं भयमुक्त होकर मतदान करने की शपथ दिलवाई गई।